राज्य में खेलों और खिलाड़ियों की नई पौध को उन्नति के शिखर पर ले जाने के लिए राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का उद्घाटन किया गया। देहरादून के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस योजना की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में मलखम्ब खेल की प्रस्तुति पर खुशी जताई। उन्होंने मंच से घोषणा की कि मलखम्ब खेल को राज्य खेल पॉलिसी में शामिल किया जाएगा। जिससे प्रदेश व देश में मलखम्ब को उसकी पहचान मिल सके।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री खेल विकास निधि के स्थापना की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने खेल विभाग में कॉन्ट्रैक्ट आधार पर प्रशिक्षण दे रहे प्रशिक्षकों को स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार मानदेय देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पूर्व की भांति खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में चार प्रतिशत आरक्षण देने की मजबूत पैरवी करने की बात कही।
