उत्तराखंड के इंद्रमणि नौटियाल 9 साल बाद सऊदी अरब से घर लौट रहे हैं. वे कई सालों तक जेल में रहे.
देहरादून: आखिरकार 9 साल बाद उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल सऊदी अरब से उत्तराखंड लौट रहे हैं. इसकी जानकारी अंतरराष्ट्रीय समाज सेवी रोशन रतूड़ी ने साझा की है. एक हादसे के बाद सऊदी अरब की जेल में बंद इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया चली. जिसके लिए 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल यानी 2 करोड़ 51 लाख रुपए जमा करने पड़े. जिसके लिए क्राउड फंडिग की गई. जिसमें कई लोगों ने अपना योगदान दिया. जिसके बदौलत आज इंद्रमणि नौटियाल अपने वतन और घर लौट रहे हैं.
साल 2018 में सऊदी अरब गए थे इंद्रमणि नौटियाल: गौर हो कि उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल रोजगार के सिलसिले में करीब 9 साल पहले साल 2018 में सऊदी अरब गए थे, लेकिन साल 2019 में उनकी ट्रक से कार हादसे की घटना के बाद वे कानूनी दांव पेंच में फंस गए. जिसके चलते वे वापस भारत नहीं लौट सके. उन्हें जेल की सजा हुई. ऐसे में इंद्रमणि नौटियाल की बेटी दीपिका समेत परिजनों ने उन्हें वापस लाने के लिए शासन और प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन इसके लिए भारी भरकम राशि जमा कराने की जरूरत पड़ी.
दीपिका समेत परिजनों की अपील पर उत्तरकाशी से लेकर उत्तराखंड के कोने-कोने से मदद के लिए रकम जुटाए गए. उत्तराखंड सरकार ने मदद के लिए 2 लाख रुपए दिए. जबकि, ग्रामीणों ने भी अपने-अपने क्षमता अनुसार सहयोग. ताकि, वो राशि जमाकर इंद्रमणि नौटियाल वापस अपने घर लौट सके. उनकी रिहाई और घ वापसी में अंतरराष्ट्रीय समाज सेवी रोशन रतूड़ी ने भी अहम भूमिका निभाई. रोशन रतूड़ी ने बताया कि,
“9 साल कुछ महीने तक इंद्रमणि नौटियाल सऊदी अरब की जेल में फंसे थे. उन्हें जेल से बाहर निकालने के लिए दो महीने पहले एक मुहिम शुरू की गई. जिसके तहत 2 करोड़ 51 लाख रुपए से ज्यादा (लगभग 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल) जिसमें टैक्स और कवर्जेशन फीस भी शामिल है, इकट्ठा किया गया. जिसके बाद इस रकम को जमा किया गया, फिर कागजी कार्रवाई पूरी हुई और वो अपने घर लौट रहे हैं.“- रोशन रतूड़ी, अंतरराष्ट्रीय समाज सेवी
वहीं, इंद्रमणि नौटियाल की बेटी दीपिका नौटियाल ने सऊदी अरब की जेल से पिता की रिहाई और घर वापसी पर खुशी जताई है. साथ ही पिता की रिहाई में मदद करने वालों का आभार जताया है. दीपिता ने कहा कि,
“विदेश में फंसे मेरे पिता इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए दो महीने पहले शुरू की गई मुहिम अब संपन्न हो चुकी है. दीपावली तक मेरे पिता के वतन वापसी की उम्मीद थी, लेकिन फ्लाइट का इश्यू होने के कारण दीपावली तक पिता नहीं आ पाए, लेकिन अब दीपावली के बाद तुरंत बाद पिता की वतन वापसी संभव हो चुकी है. जल्द ही पिता हमारे बीच मौजूद रहेंगे.“- दीपिका नौटियाल, इंद्रमणि नौटियाल की बेटी
“मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मेरी इस मुहिम पर मेरा साथ दिया. पिता की वतन वापसी के लिए धनराशि जुटाई. मैं जल्द ही बड़ी खुशखबरी सोशल मीडिया के जरिए आप सभी के साथ साझा करूंगी.“- दीपिका नौटियाल, इंद्रमणि नौटियाल की बेटी
जानिए पूरा मामला: अंतरराष्ट्रीय समाज सेवी रोशन रतूड़ी के मुताबिक, इंद्रमणि नौटियाल सऊदी अरब में ट्रक ड्राइवर थे, जिस दिन इंद्रमणि नौटियाल ट्रक चला रहे थे, उस दिन सामने से अचानक एक कार आई. जिससे कार और ट्रक की टक्कर हो गई. कार में सऊदी अरब के पांच नागरिक सवार थे, जिनमें सभी की मौत हो गई. जबकि, एक शख्स घायल हो गया. जिसके बाद यह मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया (Qurayyah) कोर्ट में पहुंचा.
रोशन रतूड़ी की मानें तो ट्रक का इंश्योरेंस नहीं था, इसलिए इस पूरे केस में मालिक की गलती ज्यादा सामने आया. बताया जा रहा है कि घटना के दिन इंद्रमणि नौटियाल ने अपने मालिक को कहा था कि वो बिना इंश्योरेंस के ट्रक नहीं चलाएगा, लेकिन आरोप था कि मालिक ने उन्हें जबरदस्ती भेजा और उसी दिन यह हादसा हो गया.
वहीं, घटना में 5 लोगों की मौत पर सऊदी अरब की कोर्ट ने फैसला लिया कि इंद्रमणि नौटियाल को 9 लाख रियाल यानी भारतीय रुपए में आज के हिसाब से करीब 2 करोड़ 31 लाख 63 हजार पीड़ित परिवार को देना होगा. जिनकी इस हादसे में जान गई है. इसी बीच वे कई सालों तक जेल में रहे. लिहाजा, उनकी रिहाई के लिए रकम जुटाना जरूरी हो गया. जिसके तहत रकम जुटाई गई और इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई संभव हो पाई.
रोशन रतूड़ी के बारे में जानिए: गौर हो कि टिहरी निवासी रोशन रतूड़ी पिछले 24 साल से उन लोगों की मदद कर रहे हैं, जो एजेंटों या फिर अन्य कारणों की वजह से विदेशों में फंस जाते हैं. उन्हें रोशन रतूड़ी कानूनी मदद कर विदेशों से निकालकर अपने घर भेजते हैं. इतना ही नहीं अब तक वे 86 भारतीयों की डेडबॉडी को भी उनके घर तक पहुंचा चुके हैं. कोरोनाकाल में भी उन्होंने विदेश में कई भारतीयों की मदद की है.

