Gold Rate Today: सोने में जारी रहेगी गिरावट? 1 साल के लो से गोल्ड 1,24,520 पर; जानें 22K-24K का लेटेस्ट रेट

Gold Rate Today, 23 November: 1 साल के निचले स्तर तक लुढ़क चुके सोना आज तेजी की ओर रूख करता नजर आया है.

नई दिल्ली: पिछले हफ्ते 1 साल के निचले स्तर तक लुढ़कने के बाद सोमवार को सोना-चांदी में जोरदार वापसी देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 2.25 फीसदी और चांदी 2.16 फीसदी चढ़ गई, जिससे निवेशकों को थोड़ी राहत मिली. लेकिन एक्सपर्ट अभी भी बुलियन के आउटलुक को लेकर सतर्क हैं और उनका मानना है कि गिरावट का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.

इस हफ्ते की दिशा अब अमेरिका के अहम आर्थिक आंकड़ों से तय होगी. निवेशकों की नजर मिड-मंथ पीएमआई, अमेरिकी जीडीपी, हाउसिंग डेटा, ड्यूरेबल गुड्स ऑर्डर और सबसे अहम इन्फ्लेशन के आंकड़ों पर रहेगी, जो फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर उम्मीदों को आकार देंगे.

सोमवार को MCX पर कितना चढ़ा सोना-चांदी?
MCX पर 4 दिसंबर 2026 एक्सपायरी वाले गोल्ड फ्यूचर में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली, जहां सोना 2,742 रुपये यानी 2.25 फीसदी की बढ़त के साथ 1,24,520 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा. दिन के कारोबार में यह 1,24,443 रुपये पर खुला, 1,23,806 रुपये के लो तक गया और 1,24,725 रुपये के हाई तक पहुंचा, जबकि इसका पिछला क्लोज 1,21,778 रुपये था. इस कॉन्ट्रैक्ट में 1,766 लॉट का वॉल्यूम और 11,003 लॉट का ओपन इंटरेस्ट रहा, जबकि कुल ट्रेड वैल्यू 2,19,495.37 लाख रुपये रही.

MCX पर 4 दिसंबर 2026 एक्सपायरी वाले सिल्वर फ्यूचर में भी सोमवार को अच्छी तेजी देखने को मिली, जहां चांदी 3,187 रुपये यानी 2.16 फीसदी की बढ़त के साथ 1,51,000 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड करती दिखी. दिन के कारोबार में यह 1,49,053 रुपये पर खुला, जो इसका लो भी रहा, और 1,51,669 रुपये के हाई तक पहुंचा, जबकि इसका पिछला क्लोज 1,47,813 रुपये था. इस कॉन्ट्रैक्ट में 2,090 लॉट का वॉल्यूम और 14,214 लॉट का ओपन इंटरेस्ट रहा, जबकि कुल ट्रेड वैल्यू 94,767.15 लाख रुपये रही.

IBJA की वेबसाइट के मुताबिक, आज अलग-अलग शुद्धता वाले सोने के भाव में तेजी देखने को मिली, जहां 999 प्योरिटी वाला 24 कैरेट सोना 12,389 रुपये प्रति ग्राम, 995 प्योरिटी वाला सोना 12,340 रुपये प्रति ग्राम, 916 प्योरिटी यानी 22 कैरेट सोना 11,349 रुपये प्रति ग्राम, 750 प्योरिटी वाला सोना 9,292 रुपये प्रति ग्राम और 585 प्योरिटी वाला सोना 7,248 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया.

पिछले हफ्ते क्यों गिरा सोना-चांदी?
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते बुलियन में ऐतिहासिक बिकवाली देखने को मिली थी. MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर 14,927 रुपये यानी 11 फीसदी टूटकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो 1 साल से ज्यादा का निचला स्तर है. इससे पहले यह स्तर 30 अक्टूबर 2025 को देखा गया था, जब सोना 1,21,508 रुपये पर था.

चांदी में तो और भी तेज गिरावट आई थी. सिल्वर फ्यूचर 28,496 रुपये यानी 16.2 फीसदी टूट गया था, जो भी 1 साल से ज्यादा का लो है. इससे पहले यह स्तर 3 नवंबर 2025 को देखा गया था, जब चांदी 1,47,758 रुपये प्रति किलो पर थी.

एक्सपर्ट की राय
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, ईबीजी कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च प्रणव मेर ने कहा कि सोना-चांदी का आउटलुक अभी भी कमजोर है और नीचे की तरफ का ट्रेंड जारी रह सकता है. इकोनॉमिक डेटा और इंटरेस्ट रेट आउटलुक का आकलन करते हुए निवेशक और गिरावट से इनकार नहीं कर रहे हैं.

मेर ने कहा कि पिछले हफ्ते बुलियन में बिकवाली तेज हो गई, जिसमें सोना 3,500 डॉलर के करीब और चांदी 41 डॉलर पर आ गई. दोनों में हफ्ते भर में करीब 10-15 फीसदी का नुकसान हुआ. फेड अधिकारियों की हॉकिश टिप्पणी ने ऊंची ब्याज दरों की उम्मीदों को हवा देकर कीमती धातुओं पर दबाव डाला है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शेयरों में व्यापक बिकवाली ने भी दबाव बढ़ाया. चांदी को कॉपर और जिंक जैसे इंडस्ट्रियल मेटल में तेज गिरावट से भी झटका लगा. इक्विटी मार्केट में बिकवाली से बुलियन में लिक्विडेशन हुआ, जबकि सेफ-हेवन बॉन्ड में खरीदारी हुई.

Spread the love