बेरीनाग में युवा व्यापारी की मौत के बाद जागे एंबुलेंस प्रभारी, 1 दिसंबर से 108 की 24 घंटे सेवा, कांग्रेस ने 20 लाख का मुआवजा मांगा

बेरीनाग में रात को ठप पड़ी 108 सेवा पर व्यापारियों का फूटा गुस्सा, डीएम को भेजा ज्ञापन, मृतक के परिजनों को 20लाख मुआवजा की मांग

पिथौरागढ़: पहाड़ की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था आए दिन सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई उजागर करती रहती है. आपातकाल में 108 एंबुलेंस का इंतजार करते हुए युवा व्यापारी हरीश बाफिला की मौत के बाद बेरीनाग में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है. हालांकि 108 एंबुलेंस सेवा प्रभारी ने 1 दिसंबर से रात में भी चालक उपलब्ध कराने का वादा किया है.

रात के समय चालक नहीं होने से ठप पड़ी आपातकालीन सेवा को लेकर अब व्यापार संघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर 108 एंबुलेंस में स्थायी चालक की नियुक्ति और रात्रिकालीन सेवा तत्काल बहाल करने की मांग की गई है.

व्यापारी की मौत की खबर को ईटीवी भारत ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था: ज्ञापन में कहा गया है कि बेरीनाग जैसे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र में रात के समय एंबुलेंस का संचालन बंद रहना बेहद गंभीर मामला है. आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकारी एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं होना स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी विफलता है. सवाल उठाया गया कि जब सरकार आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 एंबुलेंस संचालित कर रही है तो रात में चालक की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? ईटीवी भारत ने इस खबर को प्रमुखता दी थी.

दरअसल दो दिन पूर्व एंबुलेंस का इंतजार करते हुए दम तोड़ने वाले युवा व्यापारी हरीश बाफिला की मौत ने इस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. व्यापार संघ ने मृतक के परिजनों को आर्थिक मुआवजा देने और पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की है. संगठन का कहना है कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होती तो संभव है कि हरीश को समय रहते उपचार मिल पाता. ज्ञापन में नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत, व्यापार संघ उपाध्यक्ष कमल खाती, जिला उपाध्यक्ष कमलेश पंत, गणेश रावत और गंगा सिंह सामंत सहित अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं.

ब्लॉक प्रमुख ने सीएमओ और 108 प्रभारी से की बात: व्यापारी की मौत पर ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल और ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट ने गहरी चिंता जताई. उन्होंने सीएमओ और 108 प्रभारी से फोन पर वार्ता कर बेरीनाग में 24 घंटे एंबुलेंस सेवा संचालित करने और तत्काल चालक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

कांग्रेस ने मांगा 20 लाख मुआवजा: कांग्रेस अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंदन वाणी और बलवंत धानिक ने व्यापारी की मौत के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि समय पर एंबुलेंस और उपचार मिलता तो संभवतः व्यापारी की जान बचाई जा सकती थी.

अब 1 दिसंबर से स्थायी चालक की तैनाती का दावा: मामले में 108 प्रभारी पिथौरागढ़ भास्कर शर्मा ने बताया कि-

बेरीनाग में रात्रिकालीन सेवा के लिए थल और गंगोलीहाट से चालक की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है. रात में अब एंबुलेंस सेवा को लेकर परेशानी नहीं होगी. उन्होंने दावा किया कि एक दिसंबर से बेरीनाग में स्थायी चालक की नियुक्ति कर दी जाएगी.
-भास्कर शर्मा, प्रभारी, 108 एंबुलेंस-

वकीलों ने जताया शोक: युवा व्यापारी हरीश बाफिला के निधन पर वरिष्ठ अधिवक्ता दलबहादुर बाफिला, माधव सिंह धामी, मनोज पंत, सुमित पंत, सुनील बोहरा और योगेश पंत सहित अन्य अधिवक्ताओं ने शोक व्यक्त किया.

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या एक व्यापारी की मौत के बाद जागा स्वास्थ्य महकमा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था कर पाएगा? क्या पहाड़ के लोगों को आपातकाल में एंबुलेंस पाने के लिए किसी की जान जाने का इंतजार करना पड़ेगा?

Spread the love