देहरादून में पांच बिजली कर्मचारी खंभे से चिपके, काम करते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन को छू गया खंभा
देहरादून: कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को ओम सिटी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों के साथ भीषण हादसा हो गया. आरडीएसएस योजना के तहत बिजली के काम के लिए कंपनी के अधीन काम करने वाले 05 कर्मचारी खंभा लगा रहे थे. उसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार की लाइन से खंभा छू गया. जिससे खंभे में करंट फैल गया. पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए. घटना में एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई. चार कर्मचारियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
देहरादून में बिजली का खंभा लगाते समय हादसा: मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतक और झुलसे हुए सभी यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं. जानकारी के अनुसार रविवार को ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का काम चल रहा था. कंपनी के अधीन काम करने वाले कर्मचारी खंभा लगा रहे थे. इसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार की लाइन से खंभा छू गया.
करंट लगने से 1 कर्मचारी की मौत, 4 झुलसे: इससे खंभे में करंट फैल गया और पांच कर्मचारी झुलस गए. करंट इतना तेज था कि एक कर्मचारी उमेश कुमार निवासी अमरोहा, यूपी की मौके पर ही मौत हो गई. पप्पू, जसमान सहित चार कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए. मौके से सभी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां चार कर्मचारियों का इलाज चल रहा है. यह कर्मचारी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे थे और आरडीएसएस योजना में खंभा लगा रहे थे.
पुलिस कर रही है जांच: कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया है कि-
अस्पताल से सूचना मिली थी कि करंट लगने से कर्मचारियों को भर्ती कराया गया है. जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो चुकी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
-विनोद गुसाईं, कोतवाली प्रभारी, पटेल नगर-
यूपी के रहने वाले हैं सभी कर्मचारी: सभी कर्मचारी पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास काम कर रहे थे. मृतक उमेश कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. सभी लोग यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं. घटना रविवार को हो गई थी, लेकिन मीडिया को इसका पता आज चला है. पुलिस का कहना है कि किसी की ओर से मुकदमा नहीं लिखवाया गया.
