हल्द्वानी में डिलीवरी कंपनी के स्टोर में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की झुलसने से मौत

हल्द्वानी में एक डिलीवरी कंपनी के स्टोर में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई.

हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में एक डिलीवरी कंपनी के स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर सो रहे थे. आग में लाखों का सामान, एक स्कूटी और मालवाहक वाहन भी जलकर राख हो गए. पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्टोर का शटर तोड़ कर आग पर काबू पाया.

हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक डिलीवरी कंपनी स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि स्टोर के अंदर मौजूद दो कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका. हादसे के वक्त स्टोर का शटर बाहर से बंद था और दोनों कर्मचारी अंदर सो रहे थे. पुलिस के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले पास में स्थित एक अन्य डिलीवरी स्टोर के कर्मचारियों ने आग की लपटें और धुआं उठता देखा. इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल और दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. शटर बंद होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं. दमकल कर्मियों ने कटर की मदद से शटर को काटकर अंदर प्रवेश किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक स्टोर के अंदर मौजूद दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी. मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.

आग में स्टोर के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान, डिलीवरी पार्सल, एक चार्जिंग पर लगी स्कूटी और एक मालवाहक टेंपो भी पूरी तरह चपेट में आ गया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. फिलहाल फायर विभाग की टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं. सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि बीती देर रात आग की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस टीम और फायर की टीम मौके पर पहुंची. स्टोर का शटर बंद होने से रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आई. जिसके बाद शटर को काट कर आग में काबू पाया गया. स्टोर के अंदर सो रहे दो लोगों की मौत भी हुई है. बरहाल आग लगने के कारणों का पता किया जा रहा है.

Spread the love