मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे से सियासी गलियारों में हलचल, मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें शुरू हो गईं। मुख्यमंत्री तीन दिनी दौरे पर सोमवार को दिल्ली पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने भाजपा मुख्यालय में पार्टी के कई नेताओं से भेंट की।
मुख्यमंत्री धामी को बुधवार को जल शक्ति मंत्रालय में किसाऊ बांध परियोजना के संबंध में एक बैठक में हिस्सा लेना है। मंगलवार को उन्होंने पार्टी मुख्यालय में भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी समेत कई नेताओं से भेंट की।
मंत्रिमंडल में अभी तीन स्थान रिक्त:
यद्यपि, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के दिल्ली से बाहर होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। मुख्यमंत्री के तीन दिन दिल्ली में होने से माना जा रहा है कि वह उत्तराखंड में विभिन्न विभागों में नियुक्तियों को लेकर चल रहे विवाद समेत ताजा राजनीतिक घटनाक्रम से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे।
इस बीच मंगलवार को इंटरनेट मीडिया में कयास लगने लगे कि मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा कर सकते हैं। मंत्रिमंडल में अभी तीन स्थान रिक्त हैं। इसके अलावा छह महीने के कार्यकाल के दौरान मंत्रियों के प्रदर्शन के आकलन और नियुक्ति विवाद को लेकर दो-तीन मंत्रियों को बदले जाने की चर्चा पिछले कुछ दिनों से चल रही है।
यद्यपि स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल की संभावना से इन्कार कर चुके हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि अभी संगठन के विस्तार की कवायद चल रही है और फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान इसी ओर है।
उधर, ये भी माना जा रहा है कि धामी सरकार 23 सितंबर को छह माह का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस उपलक्ष्य में भाजपा नेताओं को विभिन्न निगमों, प्राधिकरणों व आयोगों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष के पदों पर दायित्व की सौगात मुख्यमंत्री दे सकते हैं। इस बारे में भी वह पार्टी के केंद्रीय नेताओं से विमर्श कर सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *